Gis-23:पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन, राष्ट्रपति करेंगी समापन, अदाणी और अंबानी कर सकते हैं बड़े निवेश की घोषणा – Prepration For Uttar Pradesh Global Investors Summit In Lucknow.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 का आयोजन 10 से 12 फरवरी तक डिफेंस एक्सपो मैदान में 31 सत्रों में होगा। समिट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे जबकि समापन सत्र को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संबोधित करेंगी। तीन दिन तक प्रत्येक सेक्टर में निवेश और यूपी में उस सेक्टर के विस्तार की संभावनाओं पर मंथन होगा। देश के प्रमुख उद्योगपति गौतम अदाणी और मुकेश अंबानी समिट के उद्घाटन सत्र में बड़े निवेश की घोषणा कर सकते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष प्रस्तुतीकरण के बाद शासन ने समिट का मिनट टू मिनट कार्यक्रम फाइनल हो गया है। समिट में छह देश पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल होंगे।
समिट के पहले दिन 10 फरवरी को सुबह 11.30 से दोपहर एक बजे तक उद्घाटन सत्र चलेगा। इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, औद्योगिक विकास मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी सहित देश और विदेश के प्रमुख उद्योगपति संबोधित करेंगे। उद्घाटन सत्र के बाद दोपहर 2.30 बजे उत्तर प्रदेश डिजाइनिंग एंड मैन्युफैक्चरिंग इन इंडिया फॉर वर्ल्ड, टूरिज्म सत्र में मॉर्डन एवं प्रगतिशील उत्तर प्रदेश पर बात होगी। इसी समय समिट के साझेदार देश सिंगापुर का भी सत्र होगा। नवीनीकृत ऊर्जा के जरिये सतत विकास पर चर्चा होगी। शाम 4.30 बजे से ओडीओपी, यूपी में खाद्य प्रसंस्करण की संभावनाएं, डिफेंस कारिडोर यूपी के लिए सुनहरा मौका और समिट की दूसरे साझेदार देश डेनमार्क का सत्र होगा।
ये भी पढ़ें – भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष ने इस्तीफे से किया इनकार, बोले- दोषी बनकर इस्तीफा नहीं दूंगा
ये भी पढ़ें – खून की दलाली: एक यूनिट 5000 रुपये में, केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर के बाहर चल रहा काला कारोबार, ऑडियो वायरल
दूसरे और तीसरे दिन के कार्यक्रम
– 11 फरवरी को सुबह 10 बजे से पहले सत्र की शुरुआत होगी। इसमें पार्टनर कंट्री नीदरलैंड, जापान के सत्र होंगे। साथ ही भविष्य में इलेक्ट्रिक व्हीकल की आवश्यकता और उपलब्धता पर मंथन होगा। सुबह 11.45 बजे होने वाले सत्र में व्यापार और निवेश के लिए खुला यूपी, हैंडलूम और टेक्सटाइल, कोडिव के बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं पर सत्र होगा।
– दोपहर 2 बजे यूपी में आईटी, आईटीईएस, डाटा सेंटर की स्थापना, फार्मा, बायोटेक्नोलाजी और यूपी के ईको सिस्टम पर सत्र होगा। साथ ही पार्टनर देश आस्ट्रेलिया का भी सत्र होगा। दोपहर 3.45 बजे यूपी में स्टार्टअप की बढ़ती संभावना, पशुधन एवं डेयरी और सिविल एविएशन पर सत्र होगा।
– समिट के तीसरे और अंतिम दिन 12 फरवरी को सुबह 10 बजे से पहला सत्र होगा। इसमें लॉजिस्टिक एवं इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलेपमेंट पर चर्चा होगी। समानांतर एक अन्य सत्र पार्टनर देश इंग्लैंड और यूपी में आबकारी व चीनी उद्योग के विकास की संभावनाओं पर चर्चा होगी। आखिरी दिन का दूसरा सत्र सुबह 11.45 बजे से शुरू होगा। इसमें प्रदेश के शेष शहरों का औद्योगिक विकास, कौशल विकास, खेलकूद और स्पोर्ट्स सेक्टर विकास पर चर्चा होगी। दोपहर 2 बजे उद्योगों के लिए बैंकों से ऋण की सुविधा को आसान बनाने, मीडिया एवं मनोरंजन और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन पर बात होगी। शाम 4 बजे होने वाले समापन सत्र को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू संबोधित करेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समापन सत्र में समिट की सफलता की जानकारी देंगे।